इस बार दुनिया की सबसे कठिन धार्मिक यात्राओं में शामिल श्रीखंड महादेव यात्रा 7 से 20 जुलाई तक चलेगी। इस यात्रा के लिए देशभर से श्रद्धालु आते हैं। साल 2022 में यह पवित्र यात्रा 11 जुलाई से शुरू हुई थी। जिला उपायुक्त आशुतोष गर्ग की अध्यक्षता में हुई ट्रस्ट की बैठक में यात्रा की अवधि और तैयारियों से जुड़े अन्य कई बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। करीब दो घंटे तक चली इस बैठक में 40 से अधिक अधिकारियों व ट्रस्ट के सदस्यों ने भाग लिया। ट्रस्ट के संस्थापक सदस्य बीएस ठाकुर व गोविंद प्रसाद शर्मा ने बताया कि 18570 फीट ऊंचे श्रीखंड महादेव में मई में भी हुई बर्फबारी और इसके असर पर भी चर्चा की गई। विस्तृत चर्चा के बाद इस बार यात्रा 7 से 20 जुलाई तक करवाने का फैसला किया गया।
कुल्लू जिला के लगभग 18,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित भगवान श्रीखंड महादेव के प्रति देशभर के श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। हर साल इस यात्रा में हज़ारों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। ये यात्रा करीब 30 किमी की पैदल यात्रा है। जिला के निरमंड से आगे जाओं नामक स्थान से करीब 30 किमी पैदल यात्रा कर भक्त श्रीखंड पहुंचते हैं। संकरी, खड़ी और कठिन चढ़ाई में भक्तों को सिंहगाड़, थाचडू, नयन सरोवर, भीमडवारी और पार्वती बाग जैसे सुंदर स्थानों का दर्शन करने का अवसर मिलता है। इसके बाद श्रद्धालुओं को श्रीखंड महादेव के दर्शन होते हैं।